मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच 12 मई को दमदार मुकाबला खेला गया जिसमें एक तरफ जहां सूर्यकुमार यादव ने महफिल लूटी। वहीं दूसरी ओर इस मुकाबले में केरल के 29 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद को भी मौका दिया। लंबे अर्जे के बाद उन्हें आईपीएल में खेलने को मिल सका।
गौरतलब है कि कई सालों से विष्णु विनोद कई आईपीएल फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। हालांकि उन्हें प्लेइंग 11 में किसी टीम की तरफ से मौका नहीं मिला। वहीं गुजरात टाइटंस के खिलाफ रोहित शर्मा ने विष्णु विनोद को भी प्लेइंग 11 में मौका दिया और इस मौके को उन्होंने बखूबी भुनाया। विष्णु विनोद ने सूर्यकुमार यादव के साथ 65 रनों की दमदार साझेदारी की और लगातार विकेट गंवा रही टीम को मजबूती दी। विष्णु ने 30 रन 20 गेंदों में बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा। इस दौरान उन्होंने दो चौके और दो छक्के जड़े। इस पारी की खासियत रही की उन्होंने कई शानदार स्ट्रोक्स लगाए।
विष्णु की पारी ऐसी थी जिसमें उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर पहचान बनाने में सफलता हासिल की है। इस मुकाबले के दौरान ऐसा मौका आया जब विष्णु ने मोहम्मद शमी के गेंद पर कवर्स में छक्का जड़ा था। विष्णु की ये स्ट्राइक इतनी शानदार थी कि उसे शॉट ऑफ द आईपीएल 2023 कहा जा रहा है। इस शॉट को देखकर कमेंट्री कर रहे पूर्व दिग्गज कमेंटेटर्स जैसे संजय मांजरेकर, केविन पीटरसन और रवि शास्त्री भौंचक्के रह गए थे। विष्णु की सूर्यकुमार यादव के साथ सधी हुई पारी की बदौलत ही ये जीत टीम को मिली है। विष्णु ने दूसरे छोर से सूर्यकुमार यादव का साथ बखूबी निभाया।
ऐसा रहा है विष्णु का रिकॉर्ड
बता दें कि विनोद विष्णु ने अब तक कुल 51 टी20 खेले है जिसमें उन्होंने 139 के स्ट्राइक रेट से खेल दिखाया है। उनका औसत 33 का रहा है। लिस्ट ए में विष्णु ने 93 की स्ट्राइक रेट और 40 की औसत से भी रन बनाए है। वो करयर में कई अहम टूर्नामेंट खेल चुके है। खास बात है कि विष्णु विनोद को आईपीएल मैदान में फिर से उतरने का मौका 2189 दिनों के लंबे इंतजार के बाद मिला है।